Lockdown Husband commits suicide after quarreling with wife ranchi jharkhand - लॉकडाउन : पत्नी से झगड़े के बाद पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या


06/04/2020
https://www.livehindustan.com/jharkhand/story-lockdown-husband-commits-suicide-after-quarreling-with-wife-ranchi-jharkhand-3131436.html

लॉकडाउन : पत्नी से झगड़े के बाद पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

हिन्दुस्तान टीम,रांची Published By: Amit
Mon, 06 Apr 2020 12:20 PM

झारखंड के रांची के कोकर आदर्श नगर का रहने वाला तारा पासवान नामक व्यक्ति ने पत्नी से झगड़ा होने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना देर रात की बतायी जा रही है। हालांकि परिजनों को इस बात की जानकारी रविवार को तब हुई, जब खोजबीन शुरू की। देखा कि पड़ोस के एक खाली मकान में तारा फंदे से लटका हुआ था। शोर मचाने के बाद आसपास के लोग जमा हुए। आनना-फानन में उन्हें उतारा गया, तब तक उनके पैर-हाथ ठंडे हो चुके थे। इसके बाद सदर थाने की पुलिस को सूचना दी गई।

तारा पासवान एक प्रींटिंग प्रेस में काम करते थे। वह डंगरा टोली के रहने वाले थे। वर्तमान में पत्नी व तीन बच्चों के साथ वह आदर्श नगर में किराए के मकान में रह रहे थे। सूचना मिलने के बाद सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। इस मामले में सदर थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है।

रात में पत्नी से विवाद के बाद छोड़ दिया था घर
तारा पासवान को शराब पीने की लत थी। पत्नी शराब पीने से मना करती थी। इसको लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा हुआ करता था। शनिवार की रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बात मारपीट तक पहुंच गई। गुस्से में आकर तारा पासवान घर छोड़कर रात में ही चला गया। रातभर जब वह नहीं लौटा, तब सुबह में पत्नी उसे खोजने के लिए निकली। जिस मकान में वह रहती थी, उस कैंपस में एक कमरा खाली पड़ा हुआ था। खोजबीन के दौरान उसी कमरे में उनका शव लटका हुआ मिला।

दो दिन में दो आत्महत्या
रांची में पिछले दो दिनों में दो लोगों ने आत्महत्या की है। रविवार को कोकर में रहने वाले तारा पासवान ने आत्महत्या कर ली। इससे पहले तीन अप्रैल को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर रोड नंबर चार में एक ऑटो चालक ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली थी। वह बिहार का रहनेवाला था और रांची में रहकर ऑटो चलाता था।