Prayagraj Suicide Case After reading Arvind suicide note police understood reason - Suicide Case Prayagraj: अरविंद का सुसाइड नोट पढ़कर पुलिस ने समझी दर्द की इंतेहा


20/04/2022
https://www.jagran.com/uttar-pradesh/allahabad-city-prayagraj-suicide-case-after-reading-arvind-suicide-note-police-understood-reason-22643719.html

Suicide Case Prayagraj: अरविंद का सुसाइड नोट पढ़कर पुलिस ने समझी दर्द की इंतेहा

Author: Ankur TripathiPublish Date: Wed, 20 Apr 2022 03:23 PM (IST)Updated Date: Wed, 20 Apr 2022 03:23 PM (IST)

ढोकरी की घटना ने गांव के लोगों के साथ ही पुलिस अफसरों को भी झकझोर कर रख दिया है। मंगलवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने नौ पेज का सुसाइड नोट बरामद किया और जब अफसरों ने इसे पढ़ा तो अरविंद के मन में कितना दर्द था वह समझ गए।

प्रयागराज, जेएनएन। हंडिया के ढोकरी गांव में हुई घटना ने गांव के लोगों के साथ ही पुलिस अफसरों को भी झकझोर कर रख दिया है। मंगलवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने नौ पेज का सुसाइड नोट बरामद किया और जब अफसरों ने इसे पढ़ा तो अरविंद के मन में कितना दर्द था, वह समझ गए। सात पेज में लिखे गए सुसाइड नोट को प्रमाणित करने के लिए उसने दो स्टांप पर भी उन्हीं बातों को लिखा था।

फूलपुर तहसील से खरीदकर खुद के नाम पर लाया था स्टांप

Ads by Jagran.TV

अरविंद के फंदे से लटकती लाश और उसकी दादी ललिता का तख्त पर शव मिलने की जानकारी पुलिस अफसरों को हुई तो उनके होश उड़ गए। एसएसपी अजय कुमार, एसपी गंगापार अभिषेक अग्रवाल, एसपी क्राइम सतीश चंद्र समेत प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। फूलपुर इंस्पेक्टर अमित कुमार राय ने एसएसपी को बताया कि अरविंद की लाश जहां फंदे से लटक रही थी, वहीं नौ पेज का सुसाइड नोट मिला है। अफसरों ने सुसाइड नोट दिखाने को कहा, जिस पर इंस्पेक्टर ने सभी पन्ने निकाले। इसमें सात पेज छोटे कागज पर लिखे गए थे, जबकि दो पेज स्टांप पेपर था। पहले छोटे पेज पर लिखे गए सुसाइड नोट को पढ़ा गया। जो बातें इसमें लिखी थीं, वहीं बातें स्टांप पेपर में भी थीं।

पत्नी और ससुराल ने कर दिया था जीना मुहाल

सूत्रों के मुताबिक अरविंद ने इसमें लिखा था कि वह अपनी जिंदगी से परेशान हो गया है। पत्नी और ससुराल वाले बहुत परेशान कर रहे हैं। रुपये मांगते हैं। पत्नी के बारे में जिक्र करते हुए लिखा कि उसका एक व्यक्ति से संबंध है। उस व्यक्ति का नाम भी उसने लिखा है। उस व्यक्ति पर भी परेशान करने का आरोप लगाया है। सुसाइड नोट में उसने अपने दोनों बच्चों के बारे में प्यार और दुलार की बात लिखी है। लिखा है कि पवन और सोनाली मैं तुम दोनों को बहुत प्यार करता हूं। इसके अलावा तमाम बातें लिखी हैं, जो पत्नी और ससुरालवालों के इर्द-गिर्द ही रही। इसे पढ़ने के बाद पुलिस अफसरों को भी समझ में आ गया कि अरविंद के भीतर कितना दर्द था। जिस तरह से उसने नौ पेज का सुसाइड नोट लिखा था, उससे यह भी साफ है कि कई दिन से वह सोच-सोच कर इसे लिख रहा था। सूत्रों के मुताबिक अपनी बातों को प्रमाणित करने के लिए उसने फूलपुर तहसील से अपने नाम से ही स्टाप भी खरीदा था। हालांकि, उसने स्टाप कब और किससे खरीदा था, इसका पता पुलिस लगा रही है।

बी. काम तक की थी पढ़ाई

अरविंद शुरू से ही पढ़ने में अच्छा था। बाबूगंज स्थित एक कालेज से उसने कामर्स से इंटर पास किया था। इसके बाद शहर के एक महाविद्यालय से बी. काम की पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी होने के बाद जब उसे यहां कोई नौकरी नहीं मिली तो उसने बाहर जाकर कंपनी में काम करने की बात कही। जिस पर माता-पिता ने उसे रोक लिया था। घर पर ही रखकर खेती किसानी में हाथ बांटने को कहा था। 24 वर्ष की उम्र में उसकी शादी सोरांव के देवापुर गांव में कर दी गई थी।

मुंबई की संपत्ति बेचने का बना रहे थे दबाव

ससुरालवालों को जब पता चला कि अरविंद की संपत्ति मुंबई में भी है तो वहां की संपत्ति बेचने का वह दबाव बना रहे थे। करोड़ों की उस संपत्ति से मिलने वाले रुपये वह देने के लिए कह रहे थे। जबकि अरविंद इसके लिए राजी नहीं था। उसका कहना था कि उसके दादा द्वारा बनाई गई संपत्ति को वह नहीं बेचेगा। उसके घर पर भी चार बीघा से अधिक खेत था, जिससे वह परिवार का भरण पोषण कर रहा था।

पत्नी के लिए खोलवाया था ब्यूटी पार्लर

अरविंद की पत्नी भी शिक्षित है। इधर कुछ समय पहले उसने ब्यूटीशियन का काेर्स किया। इसके बाद अरविंद से ब्यूटी पार्लर की दुकान खोलवाने को कहा, जिस पर ढोकरी चौराहे पर उसने ब्यूटी पार्लर की दुकान खोलवाई। इसे उसकी पत्नी ही संभालती थी। लेकिन इधर तीन माह पहले जब दंपती के बीच विवाद हुआ और उसकी पत्नी मायके चली गई तो दुकान बंद हो गई।

फाफामऊ घाट पर शवों की हुई अंत्येष्टि

पोस्टमार्टम के बाद दादी और पोते के शव को फाफामऊ घाट ले जाया गया। यहां मामा नंदलाल ने दोनों की अंत्येष्टि की। इस दौरान नाते-रिश्तेदारों के साथ ही गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

मामा की तहरीर पर आठ के खिलाफ दर्ज की गई रिपोर्ट

अरविंद के मामा नंदलाल की तहरीर पर पुलिस ने मृतक की पत्नी और छह ससुरालवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। साथ ही गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ भी रिपोर्ट लिखी है। पुलिस ने मृतक की पत्नी और सास को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

दादी से हुआ था विवाद

आसपास रहने वाले ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि सोमवार देर शाम दादी और पोते के बीच विवाद हुआ था। संभवत: ललिता बहू और बच्चों को वापस बुलाने की बात कह रही थी और अरविंद तेज आवाज में यही कह रहा था कि अब कोई नहीं आएगा। जो गया है, उसे जाने दो।

फोरेंसिंक टीम और डाग स्क्वायड ने की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही फाेरेंसिक टीम, डाग स्क्वायड समेत तीन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिंक टीम ने जांच पड़ताल की। वहीं डाग स्क्वायड भी घर में ही मंडराता रहा।

एसएसपी का है कहना

घटनास्थल से नौ पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें अरविंद ने लिखा है कि वह अपनी पत्नी और ससुराल के छह लोगों से काफी परेशान और दुखी है। गांव के एक व्यक्ति का नाम भी लिखते हुए उस पर भी कई आरोप लगाए हैं। इसमें उसने अपनी पत्नी का अवैध संबंध भी एक व्यक्ति से बताया है। घटना की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

अजय कुमार, एसएसपी।

Edited By: Ankur Tripathi