Wife Strangled Her Husband To Death With Boyfriend In Kasganj - कासगंज में युवक की हत्या: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की वारदात, खेत में फेंका शव - Amar Ujala Hindi News Live


20/11/2021
https://www.amarujala.com/uttar-pradesh/agra/wife-strangled-her-husband-to-death-with-boyfriend-in-kasganj

कासगंज में युवक की हत्या: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की वारदात, खेत में फेंका शव

संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज Published by: मुकेश कुमार Updated Sat, 20 Nov 2021 06:47 PM IST

सार

कासगंज जिले में अनैतिक संबंध के चलते पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी फरार हैं।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कासगंज के थाना ढोलना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर दी गई। शनिवार की सुबह उसका शव खेत पर बनी मठिया में पड़ा मिला। मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक ढोलना क्षेत्र के कस्बा बिलराम निवासी गिरेंद्र (30) मजदूरी करता था। उसकी पत्नी विनेश के पड़ोस में रहने वाले अपने जीजा के भाई सतीश से अवैध संबंध थे। इसका पता चलने पर गिरेंद्र ने पत्नी को काफी समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। पति के बार-बार विरोध करने पर पत्नी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पत्नी का प्रेमी घर से बुलाकर ले गया
शुक्रवार शाम गिरेंद्र जब काम से वापस आया तो सतीश उसे अपने साथ ले गया। पीछे-पीछे विनेश भी आ गई। उसने प्रेमी के साथ मिलकर गिरेंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी। दोनों ने शव खेत पर बनी एक मठिया में डाल दिया। जब काफी देर तक गिरेंद्र वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।

शनिवार सुबह ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा। पुलिस और परिजनों को सूचना दी। इस संबंध में एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि अवैध संबंधों में चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक के पिता ने गिरेंद्र की पत्नी विनेश और सतीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभी आरोपी फरार है, जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।